निजी अस्पताल के मैनेजर को ब्लैकमेल कर 5 लाख रुपए की मांग करने वाले आरोपी गुरमीत सिंह वाधवा को छावनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। छावनी थाना प्रभारी अमित अंदानी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल दाखिला किया गया है। जानकारी के मुताबिक जब आरोपी को कोर्ट में पेश करने से पहले पुलिस ने मेडिकल जांच के लिए सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले गई तब आरोपी बीमारी का नाटक करने लगा था। असलियत सामने आते ही पुलिस ने उसे पकड़कर न्यायालय में पेश किया है।
कोहका साकेत नगर निवासी निर्मल सिंह जो एसबीएस हॉस्पिटल पावर हाउस में मैनेजर है ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुंदर नगर निवासी गुरमीत सिंह वाधवा 55 वर्ष उनके अस्पताल में कैंसर का इलाज करने आता था। उन्हें प्रबंधन के निर्देश पर इंजेक्शन मुफ्त में लगाया जाता था। एक दिन आरोपी ने जरूरी काम का हवाला देकर इंजेक्शन का बिल मांगा। अस्पताल ने कंपनी रेट के अनुसार बिल तैयार कर दिया लेकिन आरोपी ने उसका भुगतान नहीं किया था। इसके बाद इस बिल को फर्जी बताते हुए उसने मैनेजर को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था और 5 लाख रुपए की मांग की थी। गुरमीत सिंह कभी भी अस्पताल के चेंबर में पहुंचकर गाली गलौज कर सबको झूठे केस में फंसाने की धमकी देता था। इससे पूर्व भी हुआ 21 अक्टूबर 2005 को भी अस्पताल पहुंचा और मैनेजर को धमकाते हुए आरटीआई लगाने की बात कही थी। परेशान होकर प्रार्थी निर्मल सिंह ने अस्पताल के संचालक के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ छावनी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।
