दुर्ग। नशे के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार की जारी कार्रवाई में पद्मनाभपुर पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने नशीली टेबलेट के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीली टेबलेट, मोबाइल एवं वाहन जब्त किए गए हैं आरोपीयों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत 3 अप्रैल को पद्मनाभपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रविशंकर स्टेडियम के पीछे चैनल गेट के पास दो व्यक्ति अवैध रूप से नशीली टेबलेट रखकर बिक्री करने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए दोनों आरोपियों गुलशन कौशल निवासी कसारीडीह एवं सुमित भोई निवासी बांसपारा थाना मोहन नगर को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 107 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, मोबाइल फोन, नगदी रकम एवं एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8,22 (ख), 27( क) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।