मोदी सरकार की आर्थिक कुप्रबंधन और कूटनीतिक विफलता के कारण महंगाई चरम पर – कांग्रेस

दुर्ग। केंद्र की मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों और कूटनीतिक विफलताओं के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे आम जनता का जीवन अत्यंत कठिन हो गया है। यह बात जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल एवं भिलाई शहर अध्यक्ष श्री मुकेश चंद्राकर ने संयुक्त रूप से प्रेस को जारी बयान में कही।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मोदी सरकार ने एक बार फिर कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 195 रुपये की वृद्धि कर दी है। इसके पहले ही पिछले तीन महीनों में 525 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी थी। वहीं हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में भी 62 रुपये की वृद्धि की गई है, जिससे आम गृहस्थी पर सीधा असर पड़ा है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने का दिखावा किया गया, जिसे भाजपा नेताओं ने बड़ी राहत के रूप में प्रचारित किया, लेकिन हकीकत यह है कि पेट्रोल के दाम फिर से बढ़ने लगे हैं। कुछ राज्यों में 1 रुपये से अधिक और नायरा पेट्रोल पंपों पर लगभग 4 रुपये तक की बढ़ोतरी देखी गई है।
इसके साथ ही एविएशन फ्यूल (ATF) की कीमतों में वृद्धि के कारण हवाई यात्रा भी महंगी हो गई है। रोजमर्रा की जरूरतों जैसे खाद्य तेल, मावा, राशन सामग्री एवं दूध के दामों में बेतहाशा वृद्धि ने आम आदमी के किचन का बजट बिगाड़ दिया है।
दुर्ग (ग्रामीण) जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि जो खाद्य तेल कभी 70 रुपये प्रति लीटर तक पहुंचने में वर्षों लगा, वह आज 200 रुपये पार हो चुका है। वहीं, घरेलू गैस सिलेंडर, जिसे भाजपा पहले 400 रुपये में महंगा बताती थी, आज 900-1000 रुपये तक पहुंच चुका है। वर्तमान में कमर्शियल गैस सिलेंडर का दाम 1580 रुपये से बढ़कर 1691 रुपये हो गया है, जो छोटे व्यापारियों और होटल व्यवसायियों पर अतिरिक्त बोझ डाल रहा है। श्री ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को जनता के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है। सारी राहत केवल उनके पूंजीपति मित्रों को दी जा रही है, जबकि आम जनता महंगाई के बोझ तले दबकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए संघर्ष कर रही है।
दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में यूपीए सरकार ने मनरेगा के तहत रोजगार की कानूनी गारंटी दी थी, जिसे मोदी सरकार ने कमजोर कर गरीबों के रोजगार के अधिकार को सीमित कर दिया है। आम लोगों की आय घट रही है और आर्थिक असमानता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के संसाधनों और सार्वजनिक उपक्रमों पर पूंजीपतियों का एकाधिकार स्थापित किया जा रहा है, जो सरकार की गलत नीतियों का परिणाम है।
भिलाई नगर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि आज महंगाई आम जनता के लिए “भाजपा निर्मित आपदा” बन चुकी है। रेलवे टिकट, स्कूल-कॉलेज फीस, बैंक शुल्क सहित हर क्षेत्र में बढ़ोतरी हो रही है। बैंक भी विभिन्न सेवा शुल्क लगाकर आम खाताधारकों से वसूली कर रहे हैं। पेट्रोल, डीजल और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि ने आम जनता का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है और यदि सरकार ने जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए, तो जनता का आक्रोश और बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *