शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पर कालिख पोतने वाली महिला हिरासत में

दुर्ग। शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पर लगे नाम की प्लेट पर कालिख पोतने के मामले में पदमनाभपुर पुलिस ने एक अर्धविक्षिप्त महिला को हिरासत में लिया है। महिला की पहचान राही उर्फ रेखा निर्मलकर के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि महिला जहां भी ‘नारायण’ नाम लिखा देखती है, उस पर कालिख लगाकर मिटा देती है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि महिला के पति का नाम भी नारायण निर्मलकर है।

पदमनाभपुर पुलिस ने बताया कि प्रतिमा पर कालिख पोते जाने की घटना के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान महिला को प्रतिमा के आसपास घूमते देखा गया, जिसके आधार पर उसे हिरासत में लिया गया।

परिवारजनों ने पुलिस को बताया कि महिला का कई वर्षों से मानसिक बीमारी का इलाज चल रहा है और वह अक्सर घर-परिवार से अलग होकर इधर-उधर भटकती रहती है। उसका बेटा वर्तमान में कोचिंग संस्थान में पढ़ाई कर रहा है। पुलिस ने महिला के पति से उसके इलाज संबंधी दस्तावेज भी मांगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *