दुर्ग। छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी एक महिला 3 अप्रैल को चाय बनाने के दौरान गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले को लेकर महिला के मायके पक्ष के लोग बिहार से आकर बुधवार को छावनी थाना पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने छावनी थाना प्रभारी चेतन चंद्राकर से मुलाकात की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कोई दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश है। परिजनों ने कहा कि ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा महिला को जानबूझकर जलाकर मारने की कोशिश की गई है। उन्हें इस घटना की जानकारी तुरंत नहीं दी गई। जब कुछ रिश्तेदार महिला के घर पर पहुंचे तब उन्हें इस बात की जानकारी हुई। इस पर थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी दोषी होगा उसे बक्शा नहीं जाएगा।