धोखाधड़ी के एक करोड के मामले में पुलगांव थाना में हुआ अपराध दर्ज

दुर्ग।कंपनी के संचालक विशाल केजरीवाल ने मेसर्स हेम होल्डिंग्स एवं ट्रेडिंग लिमिटेड तथा सिम्पलेक्स कास्टिंग लिमिटेड की डायरेक्टर संगीता केतन शाह के विरुद्ध धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कराया है। प्रार्थी द्वारा आवेदन देने के बाद पुलगांव पुलिस ने धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। आरोपिया ने जमीन खरीदी के एक सौदे में एक करोड रुपए की राशि प्राप्त कर लेने के बाद भी बयनामा निष्पादित नहीं किया था।
पुलगांव पुलिस ने बताया कि विशाल केजरीवाल विशाल प्राइवेट लिमिटेड नेहरू नगर का डायरेक्टर है। उसके द्वारा सिम्पलेक्स कास्टिंग लिमिटेड की डायरेक्टर के नाम पर दर्ज भूमि को खरीदने का सौदा इकरारनामा 24 जून 2022 को एक करोड रुपए में किया गया था। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी द्वारा 21 जून एवं 22 जून 2022 को 50 -50 लाख रुपए में आरटीजीएस के माध्यम से भुगतान किए गए थे। संगीता केतन शाह ने 24 जून 2022 को प्रार्थी के पक्ष में आम मुख्तार नामा लिखा था इस इकरानामा के अनुसार भूमि का पंजीयन सीमांकन पश्चात प्रार्थी के नाम पर होना तय हुआ था। इकरारनामा में इकरारशुदा जमीन के पश्चिम में रोड रास्ता होना बताया गया परंतु मौके पर जमीन के पश्चिम में रोड रास्ता नहीं होना पाया गया था, जिसके कारण इकरार शुदा जमीन का पंजीकृत बयनामा निष्पादित नहीं हुआ है। प्रार्थी ने संगीता शाह से इकरार शुदा भूमि में रोड रास्ता की व्यवस्था करने का कई बार निवेदन किया परंतु उसने रास्ते का कोई इंतजाम नहीं कर उसे गुमराह किया। विशाल केजरीवाल ने 16 जनवरी 2025 को संगीता शाह से व्यक्तिगत संपर्क कर इकरारशुदा जमीन के पश्चिमी भाग पर रोड रास्ता की व्यवस्था करने के संबंध में निवेदन किया जिस पर उसे घर या कार्यालय में आने से स्पष्ट रूप से मना कर दिया गया तथा भविष्य में इकरारशुदा जमीन के बयनामा निष्पादित करने के संबंध में संपर्क करने पर राजनीतिक पहुंच एवं उच्च अधिकारियों से संपर्क होने के आधार पर झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *