दुर्ग। खाने में दाल चावल बनाए जाने पर नाराज पति ने घर का सामान फेंकते हुए गाली-गलौज की और पत्नी को जान से मारने की धमकी दी। घर से जान बचाकर भागी महिला ने अपने पति के खिलाफ कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ धारा 296 , 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि मठपारा सारथी मोहल्ला निवासी नंदिनी सारथी रोजी मजदूरी का काम करती है। उसके पति रितेश सारथी द्वारा खाना मांगने पर उसने खाने के लिए दाल चावल दिया। यह देखकर उसका पति रितेश पानी से भरे लोटे, एवं अन्य बर्तन को फेंक दिया और पत्नी के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद जब वह अपनी पत्नी नंदिनी को मारने के लिए दौड़ा तो पत्नी जान बचाकर घर से बाहर भागी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।