दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र मे एक अधेड़ ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली वहीं एक अधेड़ ने सल्फास खाकर अपनी जान दे दी। इसी तरह एक युवक ने कीटनाशक का सेवन कर लिया ,उसे अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया है।
पुलिस के मुताबिक बॉम्बे आवास उरला ब्लॉक नंबर 43 आईएचएसडीपी कॉलोनी निवासी राधेश्याम विश्वकर्मा 53 वर्ष पिता रामकेश विश्वकर्मा ने 21 अगस्त की रात को अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह जब परिवार वाले उठे तब उन्हें इस घटना की जानकारी मिली। मृतक राधेश्याम मिस्त्री का कार्य करता था और वह दारू पीने का आदी था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। कैलाश नगर दुर्ग निवासी भूषण यादव 49 वर्ष पिता जेठू राम यादव ने 24 अगस्त को अपने घर में सल्फास का सेवन कर लिया। वह बेहोशी की अवस्था में बाथरूम में पड़ा हुआ था। परिवार वालों ने इसकी जानकारी मोहन नगर थाना को दी। घर वालों ने उसे तुरंत इलाज के लिए गंगोत्री अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया था जहां उसने शनिवार की शाम को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और उसने कुछ वर्ष पूर्व भी फांसी लगाने का प्रयास किया था। जानकारी के मुताबिक वह शासकीय शिक्षक था और शंकर नगर स्थित एक स्कूल में शिक्षक था। वह हमेशा परेशान रहता था। मोहन नगर पुलिस ने धारा 194 के तहत मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है। इसी तरह धमधा निवासी कमलकांत शाक्य 27 वर्ष पिता स्वर्गीय राकेश कुमार शाक्य ने 24 अगस्त की देर रात को अपने घर में ही कीटनाशक दवा का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। उसे परिवार वालों ने तुरंत जामुल अस्पताल ले जाकर भर्ती किया है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि कमलकांत शाक्य कृषि केंद्र का व्यवसाय करता है। घरेलू विवाद के चलते उसने यह कदम उठाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।