दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमान मंदिर के पास अवैध रूप से अपने पास गांजा रखकर उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ 20 बी, 29 नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलगांव पुलिस ने बताया कि आरोपी गण कालूराम माहिया, अभिमन्यु सिंह एवं रामानंद चौधरी अपने पास गांजा रखकर ग्राहक की तलाश कर रहे थे। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने आरोपी कालूराम के पास से बिट्टू बैग में रखे मादक पदार्थ गांजा जिसका वजन 5 किलो 265 ग्राम था और कीमत 2,61,250 रुपए है एवं एक मोबाइल फोन को जब्त किया। आरोपी अभिमन्यु सिंह के कब्जे से बिट्टू बैग के अंदर रखा 5 किलो 238 ग्राम गांजा एवं एक आईफोन, आरोपी रामानंद चौधरी के कब्जे से बिट्टू बैग में रखा 5 किलो 234 ग्राम एवं मोबाइल को जब्त किया गया है। पुलिस ने कुल जुमला 8,46,850 को जब्त किया है।