दुर्ग। थाना कुम्हारी क्षेत्र के ग्राम अकोला स्थित खारुन नदी के टापू में फंसे अज्ञात व्यक्ति के शव को एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला है। जिला सैनानी नगर सेवा एवं अग्निशमन आपातकालीन सेवाएं दुर्ग को सूचना मिलने पर जिला सेनानी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। घटना स्थल पर पहुंचकर टीम द्वारा मुआयना करने पर पाया गया कि नदी तट पर मोटर बोट उतारने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है, पानी की गहराई भी अधिक नहीं थी।इस पर एसडीआरएफ टीम के जवानों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए स्वयं लाइफ जैकेट पहनकर नदी में प्रवेश किया और तैरते हुए बीच नदी स्थित टापू तक पहुंचे। सावधानीपूर्वक टापू से अज्ञात व्यक्ति के शव को कब्जे में लिया और सुरक्षित तैरकर नदी किनारे बाहर निकाला। टीम ने शव को थाना कुम्हारी पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।