दुर्ग। यात्रा के दौरान महिला का बैग चोरी करने वाले अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने का निवेदन प्रार्थी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल से किया है। प्रार्थी ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि उसने थाना धमधा में प्रारंभिक लिखित शिकायत दर्ज कराया है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई या एफ आई आर दर्ज नहीं की गई है।
पुलिस अधीक्षक दुर्ग को आवेदन सौंपते हुए प्रार्थी मधुसूदन कुमार देवांगन निवासी महामाया नगर वार्ड नंबर 37 सरोरा नगर निगम बिरगांव, थाना उरला, जिला रायपुर ने बताया कि उनकी माताजी 24 जुलाई 2026 को सुबह 6:00 बजे छुई खदान से रायपुर के लिए यात्री बस सीजी 08 ए वाई 5069 जो कि लोधी ट्रेवल्स की यात्री बस है, से यात्रा कर रही थी। इसी दौरान उनका बैग अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया। इस बैग में 6 तोला सोने के जेवर रखे हुए थे। स्वयं के द्वारा पतासाजी करने के बाद मधुसूदन कुमार देवांगन ने धमधा थाना पहुंचकर शिकायत की थी लेकिन अब तक कोई सार्थक पहल नहीं की गई है। चोरी की घटना से प्रार्थी को आर्थिक नुकसान हुआ है और उसे उम्मीद है कि ग्राम अतरिया के पास सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में आरोपियों का सुराग मिल सकता है। प्रार्थी ने पुलिस अधीक्षक से निवेदन किया है कि एफ आई आर दर्ज करने और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों को पकड़ने का थाना प्रभारी को निर्देश दे ताकि उनकी मेहनत की कमाई के जेवर उन्हें वापस मिल सके।