भिलाई। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा, जिला भिलाई की बहुप्रतीक्षित जिला कार्यकारिणी एवं मंडल अध्यक्षों की घोषणा कर दी गई है। युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल ने प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन एवं जिला संगठन की सहमति से नई कार्यकारिणी की घोषणा की।
नई टीम का गठन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा, दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, जिला संगठन प्रभारी रामजी भारती तथा भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन के मार्गदर्शन एवं सहमति से किया गया।
घोषित कार्यकारिणी में संगठन के सक्रिय एवं समर्पित युवा कार्यकर्ताओं को उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री सहित विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। संगठन ने विश्वास जताया है कि सभी पदाधिकारी भाजपा की विचारधारा और नीतियों को युवाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के साथ संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल ने सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी संगठन के प्रति समर्पण, अनुशासन और सेवा भाव के साथ कार्य करने का अवसर है। उन्होंने भरोसा जताया कि नई टीम आगामी नगरीय निकाय चुनाव सहित सभी अभियानों में पूरी ऊर्जा और सक्रियता के साथ कार्य कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाएगी।वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि युवा मोर्चा पार्टी की सबसे ऊर्जावान इकाई है।
नई कार्यकारिणी संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए राष्ट्रहित, जनसेवा और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करेगी।भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला भिलाई ने “संगठन सर्वोपरि – राष्ट्र प्रथम” के संकल्प के साथ संगठन विस्तार, जनसेवा और युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लक्ष्य को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
