उज्जैन। उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र के सांसद अनिल फिरोजिया का जन्मोत्सव हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सेवा, संवेदना, आध्यात्मिक आशीर्वाद और जनसंपर्क का अनुपम संगम बन गया। दिनभर आयोजित कार्यक्रमों में दिव्यांगजनों की सेवा, पूज्य संत-महात्माओं का सान्निध्य एवं हजारों नागरिकों की आत्मीय उपस्थिति ने जन्मोत्सव को जनसेवा का उत्सव बना दिया।
जन्मोत्सव की शुरुआत होटल सॉलिटेयर में आयोजित सेवा-समर्पण कार्यक्रम से हुई, जहाँ सांसद अनिल फिरोजिया ने 90 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को 30 लाख से अधिक मूल्य के सहायक उपकरण वितरित किए। इनमें मोटराइज्ड ट्राइसिकल, ट्राइसिकल, श्रवण यंत्र, वॉकिंग स्टिक, सिलिकॉन फोम कुशन एवं स्टूल चेयर विद कमोड जैसे उपयोगी उपकरण शामिल रहे। सहायक उपकरण प्राप्त करते समय अनेक दिव्यांगजनों की आँखें नम हो गईं। लाभार्थियों ने सांसद अनिल फिरोजिया का हाथ जोड़कर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “भगवान महाकाल की कृपा आप पर सदैव बनी रहे, आप सदैव स्वस्थ रहें और हमारे सांसद बने रहें। हमें गर्व है कि हम आपके संसदीय क्षेत्र के निवासी हैं।” लाभार्थियों की यह आत्मीय प्रतिक्रिया पूरे आयोजन का सबसे भावुक क्षण बन गई। जन्मोत्सव के अवसर पर अनेक पूज्य संत-महात्मा उपस्थित होकर सांसद श्री अनिल फिरोजिया को जन्मदिवस की शुभकामनाएँ एवं आशीर्वाद प्रदान करने पहुँचे। इनमें महंत डॉ. रामेश्वर दास जी, महंत श्री राधे-राधे बाबा, स्वामीनारायण आश्रम के पूज्य श्री स्वामी हरिनन्ददास जी, महामंडलेश्वर श्री भगवान जी बापू, महंत श्री योगी महावीरनाथ जी महाराज, गादीपति महंत विनीतगिरी जी, पंचायती बड़ा उदासी अखाड़ा के महंत श्री सत्यानंद जी महाराज, महामंडलेश्वर संत श्री शैलेशानंद जी महाराज तथा महामंडलेश्वर संत श्री शांति स्वरूपानंद जी महाराज प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

संत-महात्माओं ने सांसद श्री फिरोजिया के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर जनसेवा के लिए आशीर्वचन प्रदान करते हुए कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुँचाने का उनका संकल्प अनुकरणीय है।
दोपहर से आयोजित जन्मोत्सव मिलन समारोह एवं स्वरुचि भोज में हजारों नागरिकों ने पहुँचकर सांसद अनिल फिरोजिया को जन्मदिवस की शुभकामनाएँ दीं। भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महापौर, सभापति, विधायकगण, जिला एवं नगर पंचायत प्रतिनिधि, समाजसेवी, व्यापारी, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, युवा, मातृशक्ति एवं कार्यकर्ताओं ने आत्मीय भेंट कर उनके स्वस्थ, दीर्घ एवं सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की। इस अवसर पर उज्जैन जिले के अनेक जनप्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि संस्थाओं के पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने जन्मोत्सव की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। पूरे आयोजन में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने उत्कृष्ट व्यवस्था का परिचय दिया। सेवा-समर्पण कार्यक्रम से लेकर जन्मोत्सव मिलन समारोह तक सभी व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित रहीं, जिसकी उपस्थित नागरिकों ने मुक्तकंठ से सराहना की। सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि उनके लिए जन्मदिन व्यक्तिगत उत्सव नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा का अवसर है। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी पूँजी है तथा वे इसी विश्वास के साथ क्षेत्र के विकास, जनकल्याण और राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
सेवा, संवेदनशीलता, संतों के आशीर्वाद और जनसहभागिता से परिपूर्ण यह जन्मोत्सव पूरे उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा तथा जनप्रतिनिधित्व के मानवीय और संवेदनशील स्वरूप का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।
रिपोर्ट – आशिफ खान उज्जैनी, (मध्यप्रदेश)