नए हार्वेस्टर की लाखों रुपए की राशि प्राप्त कर धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। नए हार्वेस्टर की राशि प्राप्त कर 27 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हार्वेस्टर के अधिकृत डीलर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
आवेदक परशुराम साहु, गणेश ढीमर एवं टीकाराम साहू द्वारा अलग-अलग शिकायत की गई थी कि दुर्ग ट्रैक्टर का अधिकृत डीलर अनावेदक वरुण प्रताप सिंह द्वारा नया हार्वेस्टर की राशि प्राप्त किये जाने के उपरांत भी हार्वेस्टर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है और लगातार टालमटोल करते हुए घुमाया जा रहा है। शिकायत के दौरान पाया गया कि आवेदकों द्वारा हार्वेस्टर के लिए बैंक से राशि फाइनेंस कराई गई जो सीधे अनावेदक के फर्म में बैंक से ट्रांसफर हुई। साथ ही आवेदकों द्वारा नगद राशि का भुगतान भी अनावेदक को किया गया किंतु वरुण प्रताप सिंह द्वारा उक्त आवेदकों से नए हार्वेस्टर की राशि प्राप्त किए जाने के बाद भी हार्वेस्टर उपलब्ध नहीं कर कर टालमटोल किया जाता रहा।
आरोपी वरुण प्रताप सिंह निवासी मालवीय नगर शांति निकेतन अपार्टमेंट, मोहन नगर द्वारा नया हार्वेस्टर दिलाए जाने के लिए आवेदक परशुराम से 27 लाख रुपए प्राप्त किए जाने के बाद भी हार्वेस्टर उपलब्ध न करा कर धोखाधड़ी की गई, जिस पर जेवरा सिरसा चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक हिरासत में भेजा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *