दुर्ग। उतई थाना अंतर्गत सेलुद- पाटन मार्ग पर मशरूम फैक्ट्री के पास ग्राम गोंडपेंड्री में शनिवार की शाम लगभग 4:00 बजे स्कूटी पर अपने नाती के साथ पीछे बैठकर जा रही वृद्धा महिला स्कूटी अनियंत्रित होने के कारण गिर गई। चलती गाड़ी से गिरने के कारण वह रोड पर दूर जा गिरी और उसे गंभीर चोटे आई थी, वहीं स्कूटी चला रहे युवक को भी चोटे आई। पुलिस के मुताबिक गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ दिया।
उतई थाना प्रभारी महेश ध्रुव ने बताया कि महिला अपने नाती के साथ दुर्ग से गरियाबंद स्कूटी सीजी 23 एम 5835 में पीछे बैठकर जा रही थी। स्कूटी चला रहे युवक को अचानक झपकी आ गई थी जिससे वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और उसकी गाड़ी गिर गई।
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि जब वृद्धा मोटरसाइकिल से गिरी और बेहोश हो गई तथा युवक को भी चोटे आई तो मदद करने 108 एम्बुलेंस के लिए लोगों ने बहुत फोन लगाया परंतु लगभग 1 घंटे बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची थी, इससे लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया था। किसी तरह वृद्धा को डायलॉग 112 वाहन की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।