दुर्ग।शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची अंजोरा चौकी पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में किया और समझाइश दी। जानकारी के अनुसार ग्राम मनगट्टा निवासी विष्णु निर्मलकर जो एक निजी कंपनी में कार्यरत था, सुबह करीब 9 बजे रसमड़ा स्थित फैक्ट्री साइकिल से काम पर जा रहा था। इसी दौरान एक खाली ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
बताया जा रहा है कि ट्रक ने मजदूर को साइकिल समेत करीब 50 मीटर तक घसीट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे।
सूचना मिलते ही अंजोरा पुलिस चौकी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।