पिंक पेट्रोलिंग के दावों पर सवाल: शुभारंभ के 24 घंटे के भीतर महिला की संदिग्ध हत्या

हत्या की गुत्थी अब तक नहीं सुलझी, पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल


दुर्ग। महिलाओं की सुरक्षा के लिए शुरू की गई पिंक पेट्रोलिंग व्यवस्था पर शुरुआत के महज 24 घंटे के भीतर ही सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलगांव थाना क्षेत्र के पुलगांव नाला किनारे जंगलनुमा इलाके में उरला निवासी भगवंतीन बाई (55 वर्ष) का अर्धनग्न शव मिलने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। मामले में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार, महिला गुरुवार से लापता थी। शुक्रवार को परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई और कुछ ही देर बाद पुलगांव नाला के पास जंगलनुमा क्षेत्र में उसका शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच, एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।

घटना ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर शुरू की गई पिंक पेट्रोलिंग की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के दावों के बीच एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने लोगों में चिंता बढ़ा दी है।
इधर, घटना के कई घंटे बाद भी पुलिस हत्या की गुत्थी नहीं सुलझा सकी है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।

फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *