भिलाई के मैत्रीबाग जू में दो महीने पहले पैदा हुआ सफेद शेर (सिंघम) अब पर्यटकों के लिए मंगलवार से केज के बाहर आएगा। लोग सिंघम को उसकी मां रोमा के साथ केज के बाहर देख पाएंगे। शावक सिंघम सफदे शेरनी रोमा और शेर सुल्तान का बेटा है। शावक को किसी तरह की कोई परेशानी न हो इसके लिए जू प्रबंधन इनका विशेष ध्यान रख रहा है। मैत्रीबाग जू में एक-एक कर सफेद बाघ की मौत के साथ इनकी संख्या घटती जा रही थी। ऐसे में सुल्तान और रोमा की ब्रीडिंग के बाद पैदा हुआ नया शावक कई सालों बाद काफी खुशी लेकर आया है। सिंघम को 8 नवंबर से केज के बाहर पर्यटकों के लिए लाया जाएगा। उसे अब तक 7 नंबर केज में उसकी मां के साथ रखा गया है। एक दिन वह केज के बाहर अपनी मां के साथ इधर-उधर घूमते और काफी अटखेलियां करते दिखा था। उसे देखने के लिए पर्यटकों जमावड़ा लग गया था। काफी लंबे समय के बाद मैत्रीबाग में सफेद बाघ का शावक देखने को मिलेगा। इसे देखने के लिए लोग दूर-दूर आएंगे।
चार साल बाद मिली खुशखबरी
जू के इंजार्ज डॉ. एनके जैन ने बताया कि मैत्रीबाग में 4 सालों बाद कोई शेर पैदा हुआ है। इससे पहले 2018 में सफेद बाघ के शावक रक्षा और आजाद की किलकारी गूंजी थी। सिंघम को दो माह तक पर्यटकों से दूर रखा गया और अब उसके बाद उसे केज के बाहर निकाला गया है।