दुर्ग। आरोपी की मोटरसाइकिल लेकर पेट्रोल भराने गए प्रार्थी को देरी से आना भारी पड़ गया। आरोपी ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की और धारदार वस्तु से प्रार्थी पर वार कर दिया जिससे उसे चोटे आई। प्रार्थी की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 115(2), 296, 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी पीयूष नायक वेल्डिंग का काम करता है। 29 जून की रात में वह दीपक उर्फ नाडा के साथ शराब भट्टी धमधा मोटरसाइकिल पर बैठकर गया हुआ था। शराब खरीदने के बाद वह शराब भट्टी के आगे रोड पर पेट्रोल डालने बोलकर मोटरसाइकिल को लेकर गया था। वहां से जब प्रार्थी मोटरसाइकिल लेकर वापस आया तब आरोपी दीपक उर्फ नाडा ने कहा कि देरी से क्यों आ रहा है, कहां चला गया था। यह कहते हुए उसने गाली गलौज की। जब प्रार्थी ने गाली देने से मना किया तो आरोपी दीपक ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ मुक्के एवं धारदार वस्तु से वार किया इससे प्रार्थी को चोटे आई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।