महिला का वीडियो बनाकर दो आरोपियों ने डिलीट करने मांगे लाखों रुपए

दुर्ग। ग्राम उम्दा थाना भिलाई 3 में ग्राहक सेवा केंद्र चला रही संचालिका का दो आरोपियों ने वीडियो बनाकर डरा धमका कर उसे डिलीट करने के नाम पर रकम ले लिए वहीं बाद में भी लाखों रुपए की मांग की गई। परेशान होकर पीड़िता ने थाना पहुंचकर दो फर्जी पत्रकार के खिलाफ अपराध दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 308(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि नेहा मिश्रा पति अजित कुमार मिश्रा दीनदयाल कॉलोनी भिलाई तीन निवासी है और वह ग्राम उम्दा में ग्राहक सेवा केंद्र संचालित कर रही है। कुछ दिन पूर्व आरोपी सागर साहू और पुष्पराज राजपूत उसके ऑफिस ग्राहक सेवा केंद्र में आधार कार्ड, फोटोकॉपी कराने के नाम से आए और कुछ लोगों को भी साथ में लेकर आए थे। उसकी छवि खराब करने के उद्देश्य से आरोपियों ने बातों को घुमा घुमा कर एवं बातों को तोड़ मरोड़ कर पेश करते हुए वीडियो बना लिया। 3 जून को उस वीडियो को डिलीट करने के नाम पर 50000 रुपए की मांग की गई और उसे धमकी दिया गया कि वह रकम नहीं देगी तो उसे बदनाम कर दिया जाएगा। प्रार्थिया अच्छे परिवार एवं शिक्षिका महिला होने के कारण बदनामी के डर से उसने 35000 रुपए की रकम किसी तरह दे दी थी। इसके बाद आरोपियों ने उसकी न्यूज़ वीडियो को डिलीट कर दी थी। आरोपियों ने फिर से उससे 2,00,000 रुपए की मांग की और रकम नहीं देने पर फिर से धमकी दी गई। आरोपियों ने उससे कहा कि वह अलग-अलग तरह से उसकी वीडियो बनाकर बदनाम करेंगे। परेशान होकर पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *