दुर्ग। ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब परिवहन करने एवं बिक्री करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने थाना उतई, जामुल क्षेत्र में अलग-अलग स्थान पर दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 129 पौवा अवैध शराब, बिक्री की रकम लगभग 13000 रुपए एवं एक मोटरसाइकिल को जब्त किया है। पुलिस ने बताया कि शराब के परिवहन, तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी के तहत 25 जून को थाना उतई एवं जामुन क्षेत्र में चार अलग-अलग जगह पर दबिश देकर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। थाना उतई क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने आरोपी रामस्वरूप ठाकुर एवं गजेंद्र यादव को गिरफ्तार किया है। इसी तरह डुण्डेरा रोड नहर पार में दबिश देकर आरोपी विजय यादव के कब्जे से अवैध शराब जब्त की गई है। नहर पुलिया डुण्डेरा में आरोपी देवदास कोसले के कब्जे से भी अवैध शराब एवं रकम जब्त की है। थाना जामुल क्षेत्र के ग्राम सुरडूंग मोड रोड पर दबिश देकर आरोपी जश कुमार जोशी को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।