दुर्ग। घर में ताला लगाकर बाहर जाना प्रार्थिया को भारी पड़ गया। मौके का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपी ने ताला तोड़कर सोने चांदी के जेवरात एवं रकम की चोरी कर ली। प्रार्थिया की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि श्रीमती रानी सोनी श्रीनगर उरला निवासी है उसका ग्रह ग्राम हथबंध बलौदा बाजार भाटापारा है। 21 जून को वह अपने बच्चों का आय, जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए अपने गृह ग्राम हथबंध गई हुई थी। घर में ताला लगा हुआ था। 24 जून की सुबह जब वह गांव से वापस आई तो देखा दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखी तो बेडरूम का भी ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा हुआ था। अज्ञात आरोपी ने अलमारी में रखे सोने का मंगलसूत्र, झुमका, चांदी का करधन, पायल पुरानी पैर पट्टी सहित घर में रखे नगदी रकम 4000 रुपए की चोरी कर लिया था।