पैसों की मांग कर हत्या का प्रयास, आरोपियों पर कार्यवाही

दुर्ग। शराब पीने के लिए पैसे की मांग कर हत्या का प्रयास करने वाले दो आरोपी एवं दो विधि से संघर्षरत बालक को वैशाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार बटन दार हथियार बरामद किया गया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, गाली गलौज मारपीट एवं आर्म्स एक्ट के प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि 11 जून को प्रार्थी लोकेश सोनी द्वारा थाना वैशाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि रात लगभग 10:30 बजे बीसीजी स्कूल मैदान के पास वह अपनी पिकअप वाहन खड़ी किया था। इस दौरान कुछ युवकों द्वारा उसे शराब पीने के लिए पैसों की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा पैसा देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए मारपीट की तथा हत्या करने की नीयत से धारदार हथियार से हमला किया। हमले में प्रार्थी के हाथ एवं अन्य हिस्से में चोटे आई। बीच बचाव करने आए गणेश सोनकर पर भी आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर चोट पहुंचाया। प्रार्थी की शिकायत पर वैशाली नगर पुलिस ने आरोपियों राम वर्मा 19 वर्ष निवासी कारगिल चौक रामनगर, राजवीर बघेल 19 वर्ष निवासी सत्यम बेकरी के पास रामनगर तथा दो विधि से संघर्षरत बालक निवासी शास्त्री नगर के खिलाफ धारा 109, 296, 351(3), 118 (1),119(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25-27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *