दुर्ग। दुर्ग नगर निगम में कर्मचारियों के बीच बढ़ते असंतोष ने अब संगठित आंदोलन का रूप लेना शुरू कर दिया है। कर्मचारियों ने निगम प्रशासन की कार्यशैली और कथित मनमाने फैसलों के खिलाफ खुलकर नाराजगी जताई है। इसी कड़ी में नवनियुक्त अधिकारी-कर्मचारी कल्याण संघ (छत्तीसगढ़) के संगठन विस्तार अभियान के तहत आयोजित बैठक में कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं प्रदेश नेतृत्व के सामने रखीं और निगम प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की।
बैठक का आयोजन दुर्ग जिला अध्यक्ष राजूलाल चन्द्राकर के नेतृत्व में किया गया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी, प्रदेश संयोजक संजय शर्मा, प्रदेश सचिव ऋषभ सिंह ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश तिवारी सहित कई प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन द्वारा लगातार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जबकि उनकी समस्याओं और अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। कर्मचारियों का कहना था कि वर्तमान माहौल में कई कर्मचारी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी व्याप्त है।
प्रदेश पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सभी मुद्दों को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी हितों पर किसी भी प्रकार का आघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा।

बैठक में संगठन विस्तार को भी बड़ी सफलता मिली। सदस्यता अभियान के दौरान 45 अधिकारियों और कर्मचारियों ने संघ की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को नई मजबूती प्रदान की। प्रदेश नेतृत्व ने कहा कि कर्मचारियों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और मजबूत संगठन के माध्यम से ही अधिकारों की लड़ाई प्रभावी ढंग से लड़ी जा सकती है।
इस दौरान 13 जुलाई 2026 से रायपुर के तूताग्राउंड में प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। समय पर वेतन भुगतान, चुंगी क्षतिपूर्ति, शासन से प्राप्त अनुदान की नियमित उपलब्धता तथा कर्मचारियों को ट्रेजरी प्रणाली से जोड़ने जैसी मांगों को लेकर प्रदेशभर के कर्मचारियों को आंदोलन के लिए तैयार किया जा रहा है।
प्रदेश संयोजक संजय शर्मा ने कहा कि कर्मचारी हितों के विरुद्ध होने वाली किसी भी कार्रवाई का संगठन कड़ा विरोध करेगा और आवश्यकता पड़ने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। वहीं प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी ने कर्मचारियों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन कर्मचारी सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ खड़ा है।
बैठक में बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे तथा सभी ने कर्मचारी हितों की रक्षा और आगामी अनिश्चितकालीन हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प लिया।

